भागलपुर(BHAGALPUR):भागलपुर में नया बिजली कनेक्शन चालू करने के एवज में रिश्वत मांगने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की.विजिलेंस की टीम ने बिजली विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता JE और एक टेक्नीशियन को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.दोनों आरोपितों को तिलकामांझी चौक स्थित कचहरी बिजली उपकेंद्र परिसर से पकड़ा गया. कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई, जिसके बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया.
बिजली विभाग के जेई और टेक्नीशियन गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कचहरी बिजली उपकेंद्र में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार और टेक्नीशियन सौरभ कुमार के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.जानकारी के अनुसार, बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर निवासी संतोष कुमार ने अपने आवास के लिए नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था. आवेदन की सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद उनका कनेक्शन चालू नहीं किया जा रहा था.आरोप है कि कनेक्शन सक्रिय करने के बदले जेई और टेक्नीशियन ने उनसे 4 हजार रुपये रिश्वत की मांग की.
गिरफ़्तारी के बाद आगे की जांच जारी
रिश्वत मांगे जाने से परेशान संतोष कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए गए. इसके बाद विजिलेंस की विशेष टीम ने ट्रैप की योजना बनाई. पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपितों को रिश्वत की राशि दी, पहले से तैनात निगरानी अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया.निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी मिथलेश कुमार ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद नियमानुसार ट्रैप की कार्रवाई की गई. दोनों आरोपितों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है.उनसे पूछताछ की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है.

