भागलपुर के शाहकुंड में हथियार बनाने का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, भारी मात्रा में हथियार बरामद

भागलपुर के शाहकुंड में हथियार बनाने का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, भारी मात्रा में हथियार बरामद

भागलपुर (BIHAR) : पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहकुंड थाना क्षेत्र के हरनथ गांव में चल रही एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामान बरामद किया है. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फैक्ट्री का मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया.

संयुक्त टीम ने छापेमारी की

भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरनथ गांव स्थित मोहम्मद रिजवान के घर में अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा है. सूचना के आधार पर शाहकुंड थाना पुलिस, भागलपुर एसटीएफ और पश्चिम बंगाल एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी की.

कई उपकरण और मशीनें बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियारों के अलावा हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और मशीनें बरामद की. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले मुख्य आरोपी मोहम्मद रिजवान फरार होने में सफल रहा.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद कासिम, मोहम्मद समीम, मोहम्मद मिराज, मोहम्मद मैसर और जब्बार मंसूरी को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में चार मुंगेर जिले के रहने वाले हैं, जबकि जब्बार मंसूरी शाहकुंड थाना क्षेत्र का निवासी है.

मुख्य आरोपी के गिरफ्तारी के लिए रेड जारी

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध हथियार किसके लिए बनाए जाते थे और इन्हें किन-किन जिलों या राज्यों में सप्लाई किया जाता था. वहीं फरार मुख्य आरोपी मोहम्मद रिजवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पूरे नेटवर्क की भी हो रही है गहन जांच

पुलिस पूरे नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके. इस कार्रवाई को भागलपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है.