बिहार में फ्लड फाइटिंग के दौरान बड़ा हादसा! 22 मजदूरों से भरी नाव पलटी, लापता की तलाश जारी
भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत राघोपुर में तटबंध की मरम्मत और फ्लड फाइटिंग कार्य के दौरान मजदूरों से भरी नाव पलट गई. नाव पर 22 मजदूर सवार थे.21 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक मजदूर की तलाश जारी है.
भागलपुर (BHAGALPUR): बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में फ्लड फाइटिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया. राघोपुर इलाके में तटबंध की मरम्मत और बाढ़ से बचाव के काम में लगे मजदूरों को लेकर जा रही नाव अचानक पलट गई. हादसे के समय नाव पर कुल 22 मजदूर सवार बताए जा रहे हैं. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई.
पानी में कूदकर मजदूरों ने बचाई जान
नाव के असंतुलित होकर पलटते ही उस पर मौजूद मजदूर पानी में गिर गए. कई मजदूरों ने तत्काल तैरकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचने की कोशिश की. घटनास्थल पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम भी तुरंत राहत एवं बचाव अभियान में जुट गई. तेज बहाव के बीच टीम ने मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया.बताया जा रहा है कि कुल 22 मजदूरों में से 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया. हालांकि, एक मजदूर का अभी तक पता नहीं चल सका है. एसडीआरएफ की टीम संभावित स्थानों पर उसकी तलाश कर रही है.
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में मजदूरों को फ्लड फाइटिंग से जुड़े काम में जुटे देखा जा सकता है. इसी दौरान नाव पलट जाती है और उसमें मौजूद मजदूर पानी में गिर जाते हैं. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई.
दो दिन पहले टूटा था राघोपुर का तटबंध
राघोपुर इलाके में बाढ़ का खतरा पहले से बना हुआ था. करीब दो दिन पहले रात लगभग दो बजे यहां तटबंध टूटने की घटना हुई थी. इसके बाद प्रभावित हिस्से की मरम्मत और पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए बड़े स्तर पर फ्लड फाइटिंग का काम शुरू किया गया था.मजदूर लगातार तटबंध को सुरक्षित करने के काम में जुटे थे. इसी अभियान के दौरान नाव पलटने की घटना सामने आई. फिलहाल लापता मजदूर की तलाश प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है. हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है.