भागलपुर (BHAGALPUR): बिहार के भागलपुर जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है.यहां शादी के महज 17 दिन बाद ही एक नवविवाहिता की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. जिस घर में नई जिंदगी की खुशियां दस्तक दे रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया. अभी दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी फीकी नहीं पड़ी थी कि पति की आंखों के सामने ही उसने आखिरी सांस ले ली. इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा.जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर के समीप हुआ. मुंगेर जिले के मिर्जापुर निवासी रोशनी कुमारी अपने पति के साथ बाइक से असरगंज से मिर्जापुर लौट रही थी.इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया.लोगों ने मुख्य सड़क पर बांस लगाकर जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, घायल पति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. साथ ही हादसे में शामिल वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

