Breaking : भागलपुर में खरना का प्रसाद खा लौट रहे पूर्व मुखिया पर अपराधियों ने बरसाई गोली, पुरानी रंजिश की आशंका

घात लगाए अपराधियों ने एक पूर्व मुखिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें उन्हें कई गोली लगने की सूचना मिल रही है. घटना के बाद जख्मी हालत में पूर्व मुखिया को अस्पताल पहुंचाया गया जहां...

Breaking : भागलपुर में खरना का प्रसाद खा लौट रहे पूर्व मुखिया पर अपराधियों ने बरसाई गोली, पुरानी रंजिश की आशंका

भागलपुर: बड़ी खबर भागलपुर से है जहां शनिवार की देर शाम एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है. घात लगाए अपराधियों ने एक पूर्व मुखिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें उन्हें कई गोली लगने की सूचना मिल रही है. घटना के बाद जख्मी हालत में पूर्व मुखिया को अस्पताल पहुंचाया गया जहां से डॉक्टर ने उन्हें रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन बेगूसराय लेकर गए. बताया जा रहा है कि घटना के बाद ग्रामीणों ने दो आरोपी को भी पकड़ा है. घटना भागलपुर के नौगछिया पुलिस जिलांतर्गत कदवा थाना क्षेत्र के पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच की है जबकि जख्मी की पहचान पूर्व मुखिया अजय सिंह के रूप में की गई. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच जिस वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पुरानी रंजिश और प्रतिशोध में उनके ऊपर जानलेवा हमला किया है.

बताया जा रहा है कि पूर्व मुखिया अजय सिंह गांव में ही एक व्यक्ति के घर खरना का प्रसाद ग्रहण करने गए थे. प्रसाद ग्रहण कर लौटते वक्त घात लगाए अपराधियों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि अजय सिंह को चार गोलियां लगी है. वहीं दूसरी तरफ जानकारी के अनुसार पकड़े गए दो आरोपी की पहचान खोखा सिंह के भतीजे मोहन सिंह और छोटे पुत्र आशीष कुमार के रूप में की गई है. फिलहाल पुलिस दोनों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ कर रही है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि पहली गोली लगते ही अजय सिंह सड़क किनारे पानी से भरी खाई में गिर गए. इसके बाद बदमाश नीचे उतरे और उन्हें 3 और गोलियां मारी. इस दौरान गोली लगने के बावजूद उन्होंने अपने परिजन को फोन कर जानकारी देने की कोशिश की. इस बीच फायरिंग की आवाज सुन आसपास के लोग भी घटनास्थल की तरफ दौड़े. ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाशों का पीछा किया और बगीचे के रास्ते भागकर दीप नारायण सिंह के घर में घुस गए, जहां ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया. बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया.

परिजनों के अनुसार पूर्व मुखिया अजय सिंह को एक गोली पेट, दूसरी जबड़े, तीसरी जांघ और चौथी दाहिने हाथ के अंगूठे में लगी है. घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. बताया जाता है कि बीते 13 अक्टूबर की रात खोखा सिंह के पुत्र ज्योतिष को भी अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी. इस हत्याकांड का उद्भेदन अब तक नहीं हो सका है. हालांकि, पूर्व मुखिया पर हमले का ज्योतिष हत्याकांड से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. घटनास्थल से कट्टा मिलने की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

नवगछिया एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कदवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से दो युवकों को पकड़ लिया. उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.