भागलपुर में सड़क हादसा, हाईवा-पिकअप की टक्कर में ड्राइवर खलासी की दर्दनाक मौत
बिहार के भागलपुर में शनिवार को हाईवा और पिकअप की आमने-सामने की भीषण टक्कर में चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद हाईवा चालक फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार के भागलपुर जिले से शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है जहाँ भागलपुर-मुंगेर मिर्जा चौकी फोरलेन पर गनगनियां गांव के समीप हाईवा और पिकअप वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई.इस हादसे में पिकअप वैन के चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
पढिए कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर के दलसिंहसराय से परवल और बैंगन लोड कर एक पिकअप वैन भागलपुर की ओर जा रही थी.इसी दौरान गनगनियां रेलवे स्टेशन के समीप भागलपुर से मुंगेर की ओर जा रही एक हाईवा ने सामने से पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक व खलासी वाहन में ही फंस गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची.काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों शवों को वाहन से बाहर निकाला.मृतकों की पहचान बेगूसराय जिले के मंसूरचक निवासी रामभरोस दास के 25 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार तथा खगड़िया जिले के मथुरापुर काली स्थान निवासी दिनेश तांती के 23 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है.फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.