कार और स्कूल मैजिक वैन की आमने-सामने टक्कर, वैन में सवार दो बच्चे घायल

कार और स्कूल मैजिक वैन की आमने-सामने टक्कर, वैन में सवार दो बच्चे घायल

भागलपुर (BHAGALPUR) : भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र में एक कार और स्कूल मैजिक वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में स्कूल वैन में सवार दो बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल बच्चों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. राहत की बात यह रही कि बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त कार के मालिक की पहचान हुसैनाबाद गुलाबबाग निवासी मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है. हादसे में कार को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है. टक्कर की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.

घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थानाध्यक्ष चनबीर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद सड़क पर यातायात को सामान्य कराया गया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई. इसकी जांच की जा रही है. दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि दुमका मुख्य मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई करने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.