भागलपुर (BHAGALPUR): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज भागलपुर के दौरे पर आ रहे है. मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:45 बजे भागलपुर हवाई अड्डे पर उतरेगा. मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह पहला भागलपुर दौरा है, जिसे जिले के विकास की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.भागलपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास निर्माणाधीन बेली ब्रिज का निरीक्षण करेंगे और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे. इसके बाद वे समीक्षा भवन में जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे.
आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों की विशेष रूप से समीक्षा
बैठक में आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों की विशेष रूप से समीक्षा की जाएगी. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल, सफाई व्यवस्था और यातायात प्रबंधन समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने दौरे के दौरान भागलपुर जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात भी देंगे. वे लगभग 203 करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 84 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे. इन योजनाओं में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाएं शामिल है.
आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है. मुख्यमंत्री के इस दौरे से भागलपुर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.