भागलपुर में मिट्टी में दबे शव का खुलासा! पैसों के विवाद में हत्या, दो गिरफ्तार

भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र में मिट्टी में दबे मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पैसों के लेन-देन के विवाद में हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

भागलपुर (BHAGALPUR):  जिले के ईशाकचक थाना क्षेत्र में मिट्टी के अंदर दबे मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. बरहपुरा जगन्नाथबली विक्रमशिला कॉलोनी के समीप जमीन के अंदर से शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने इस मामले में हत्या के आरोप में मोहम्मद सलमान उर्फ फेकू और मोहम्मद सारिक उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को मोहम्मद सलमान की हत्या कर दी गई थी और वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को मिट्टी के अंदर दफना दिया गया.

दरअसल, 22 सितंबर को ईशाकचक थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बरहपुरा इलाके में एक जगह से तेज दुर्गंध आ रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई. खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से शव बरामद किया गया. शव मिलने के बाद मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके साथ ही तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई. इसी जांच के आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक कुल्हाड़ी, दो खंती और एक कुदाल बरामद की गई है. पुलिस अब हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम, पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है. दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले के अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है. इस पूरे मामले को लेकर सिटी एसपी भागलपुर अतूलेश झा ने पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी जानकारी दी है.