अचानक रणक्षेत्र बना भागलपुर का मायागंज अस्पताल, सुरक्षाकर्मियों ने अधीक्षक कार्यालय के सामने चलाई लाठियां

अचानक रणक्षेत्र बना भागलपुर का मायागंज अस्पताल, सुरक्षाकर्मियों ने अधीक्षक कार्यालय के सामने चलाई लाठियां

भागलपुर(BHAGALPUR):भागलपुर के मायागंज अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अस्पताल की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी ही आपस में भिड़ गए.देखते ही देखते अधीक्षक कार्यालय के सामने शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और अस्पताल परिसर रणक्षेत्र बन गया.पूर्वी बिहार के सबसे बड़े अस्पताल मायागंज अस्पताल में सुरक्षाकर्मियों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई.

पढ़िये वजह 

 बताया जा रहा है कि निजी कंपनी के सुरक्षाकर्मी वेतन वृद्धि, अवकाश और अन्य मांगों को लेकर अस्पताल अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना दे रहे थे.इसी दौरान बांका से पहुंचे उसी कंपनी के कुछ सुरक्षाकर्मियों के साथ कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले अधीक्षक कार्यालय के सामने शुरू हुआ बवाल अस्पताल परिसर से निकलकर सड़क तक पहुंच गया.

मारपीट में कई सुरक्षाकर्मी घायल

मारपीट में कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जबकि अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.घटना के वीडियो में सुरक्षाकर्मी एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। जिस अस्पताल की सुरक्षा की जिम्मेदारी इन गार्डों पर है, वहीं इनका यह हिंसक रूप कई सवाल खड़े कर रहा है.वहीं पूरे मामले पर अस्पताल अधीक्षक प्रोफेसर एच.पी. दुबे से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन वे मीडिया के सवालों से बचते नजर आए. फिलहाल घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल है और मामले को लेकर जांच की मांग उठ रही है.