भागलपुर: ज्वेलरी शॉप चोरी का 36 घंटे में खुलासा, आभूषण के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

तिलकामांझी थाना क्षेत्र की ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का भागलपुर पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा किया. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए.

भागलपुर: ज्वेलरी शॉप चोरी का 36 घंटे में खुलासा, आभूषण के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

भागलपुर (BHAGALPUR): तिलकामांझी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 36 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से चोरी किए गए आभूषण के साथ एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. घटना 17 अगस्त 2026 की है. तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हटिया रोड स्थित लालबाग में सुरेन्द्र कुमार, पिता स्वर्गीय बेनी प्रसाद वर्मा की ज्वेलरी दुकान में चोरी हुई थी. पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर तिलकामांझी थाना कांड संख्या 194/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

विशेष टीम गठित की गई थी

मामले के जल्द खुलासे के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. टीम में नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01, DIU और तिलकामांझी थाना पुलिस को शामिल किया गया. जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए. इसके बाद तकनीकी अनुसंधान, डेटाबेस से फोटो मिलान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची.

चोरी किए गए आभूषण बरामद

पुलिस ने ईशाकचक थाना क्षेत्र में छापेमारी कर छोटी लाइन झोपड़पट्टी निवासी मो. अफसार उर्फ प्याऊ, पिता मो. गुलाम नबी उर्फ बबुआ को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. हथियार बरामदगी को लेकर ईशाकचक थाना कांड संख्या 181/2026 दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मिली जानकारी और आरोपी की निशानदेही पर शाहकुंड थाना क्षेत्र के जानीपुर निवासी मो. सलमान, पिता मो. सहाब के घर छापेमारी की गई. वहां से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए और मो. सलमान को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.