बेतिया में दर्दनाक हादसा, छठियार कार्यक्रम में घुसी बेकाबू बस, 5 की मौत, आधा दर्जन घायल

बेतिया के लौरिया में छठियार कार्यक्रम के दौरान तेज रफ्तार बेकाबू बस ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हैं.

बेतिया में दर्दनाक हादसा, छठियार कार्यक्रम में घुसी बेकाबू बस, 5 की मौत, आधा दर्जन घायल

बेतिया (BETTAIH): बिहार के चंपारण जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां बस की चपेट में आने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. पूरा मामला पश्चिमी चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र के पराऊ टोला का है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया.

 छठियार कार्यक्रम में घुसी बेकाबू बस,5 की मौत

बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक बच्चे के छठियार कार्यक्रम के दौरान आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जुटे थे. इसी दौरान गोरखपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए निकल गई. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत होने की बात सामने आ रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

चालक और खलासी मौके से फरार

घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया. हादसे के बाद बस चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है. घटना को लेकर पूरे इलाके में मातम और तनाव का माहौल है.

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.