बिहार के बेतिया में मेमू ट्रेन का इंजन फेल, बीच ट्रैक पर खड़ी रही ट्रेन,यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार

बिहार के बेतिया में मेमू ट्रेन का इंजन फेल, बीच ट्रैक पर खड़ी रही ट्रेन,यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार

बेतिया (BETTIAH): पश्चिम चंपारण जिले के नंदपुर ढाला के पास नरकटियागंज से गौनाहा जाने वाली 63362 नरकटियागंज–गौनाहा मेमू ट्रेन अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच ट्रैक पर रुक गई. इंजन में आई खराबी की वजह से ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी जिससे यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा.

यात्रियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई

जानकारी के अनुसार, यह मेमू ट्रेन सुबह 5:50 बजे नरकटियागंज जंक्शन से अपने निर्धारित समय पर गौनाहा के लिए रवाना हुई थी. ट्रेन जैसे ही नंदपुर ढाला के पास पहुंची इंजन में तकनीकी समस्या आ गई. इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया. शुरुआत में यात्रियों को लगा कि ट्रेन किसी सामान्य परिचालन कारण से रुकी है क्योंकि यह स्थान मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग के पास है. लेकिन काफी देर तक ट्रेन नहीं चलने पर रेलवे कर्मचारियों ने इंजन में खराबी की जानकारी दी. इससे यात्रियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई.

समाचार लिखे जाने तक ट्रेन नंदपुर ढाला के पास ही खड़ी थी

यात्री किशुन महतो, सुनैना देवी और विकास कुमार ने बताया कि अचानक ट्रेन रुकने से सभी यात्री परेशान हो गए. कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके. यात्रियों ने रेलवे से जल्द समस्या दूर करने की मांग की. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई. सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन), मुख्य लोको निरीक्षक संतोष कुमार, स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद कलीम, चालक रंजय कुमार, लोको पायलट और गार्ड इंजन की जांच और मरम्मत में जुट गए. रेलवे कर्मियों ने खराबी दूर करने का प्रयास शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक ट्रेन नंदपुर ढाला के पास ही खड़ी थी.

यात्री ट्रेन के परिचालन बहाल होने का इंतजार करते रहे

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इंजन की तकनीकी खराबी को दूर करने का काम लगातार जारी है. मरम्मत पूरी होने के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जाएगा. यात्री ट्रेन के परिचालन बहाल होने का इंतजार करते रहे.