बेल्ट्रॉन डाटा ऑपरेटरों का सरकार को अल्टीमेटम, एक महीने में फैसला नहीं तो पूरे बिहार में हड़ताल

बेल्ट्रॉन डाटा ऑपरेटरों का सरकार को अल्टीमेटम, एक महीने में फैसला नहीं तो पूरे बिहार में हड़ताल

मोतिहारी (MOTIHARI) : बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में बेल्ट्रॉन के माध्यम से कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं. पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में बड़ी संख्या में डाटा ऑपरेटर एकत्रित हुए और सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की. कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार एक माह के भीतर उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं करती है तो पूरे बिहार के बेल्ट्रॉन डाटा ऑपरेटर हड़ताल पर चले जाएंगे.

सरकारी कर्मी का दर्जा नहीं मिला

डाटा ऑपरेटरों का कहना है कि वे कई वर्षों से सरकारी कार्यालयों में लगातार सेवाएं दे रहे हैं और विभागीय कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं. इसके बावजूद उन्हें आज तक सरकारी कर्मी का दर्जा नहीं मिला है उनका आरोप है कि समान कार्य करने के बावजूद उन्हें सरकारी कर्मचारियों के बराबर वेतन और अन्य सुविधाएं नहीं मिलती हैं.

अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं

कर्मियों की प्रमुख मांग है कि उनका समायोजन सरकार के अधीन किया जाए और उन्हें सरकारी कर्मचारियों के समान वेतन एवं अन्य लाभ दिए जाएं. उनका कहना है कि वर्षों से वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के सामने रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है.

जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल

मोतिहारी में आयोजित बैठक के दौरान डाटा ऑपरेटर संघ के सदस्यों ने कहा कि सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो राज्यभर के बेल्ट्रॉन डाटा ऑपरेटर एकजुट होकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल भी करेंगे.

सरकार के अगले कदम पर टिकी नजर

डाटा ऑपरेटरों का कहना है कि वे सरकार के साथ टकराव नहीं चाहते, बल्कि अपनी वर्षों पुरानी मांगों का न्यायपूर्ण समाधान चाहते हैं. अब सभी की नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी है. यदि जल्द कोई निर्णय नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन पूरे बिहार में बड़ा रूप ले सकता है.