बेगूसराय (BEGUSARAI ) : जिले के बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सोनमा गांव निवासी 23 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आपसी विवाद में आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू से हमला किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही एसपी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है.
लंबे समय से चल रहा था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार चंदन कुमार का अपने चचेरे भाई और उसके परिवार के कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. चंदन अपने खेत में परवल तोड़ने गया था. इसी दौरान खेत पर कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि खेत से घर लौटने के दौरान गांव के हनुमान मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार
हमलावरों ने चंदन के सीने और पेट पर कई वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए. चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चंदन दम तोड़ चुका था.
लगातार जान से मारने की मिल रही थीं धमकियां
परिजनों का आरोप है कि चंदन को पहले से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. मृतक की मां ने बताया कि उन्होंने 4 जून को बखरी थाने में लिखित आवेदन देकर अपने बेटे की जान को खतरा बताया था. आवेदन में कुछ लोगों पर मारपीट, धमकी और सोने की चकती छीनने का आरोप भी लगाया गया था. इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप परिजनों ने लगाया है.
घटना के पीछे आपसी रंजिश के साथ-साथ अंधविश्वास का एंगल भी सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस घटना के बाद सोनमा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.

