बेगूसराय(BEGUSARAI):बिहार के अलग-अलग जिलों से जमीन विवाद के ऐसे मामले सामने आते हैं, जहां दो पक्षों में मारपीट, गाली-गलौज और हत्या तक की नौबत आ जाती है. लेकिन आज हम बिहार के बेगूसराय जिले से सामने आए एक ऐसे जमीन विवाद की बात करेंगे, जहां एक परिवार को बिना मतलब जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज आदि की जा रही है, जिसकी वजह से परिवार वालों में डर का माहौल है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि छोटी एघू निवासी रंगदार हरेराम सिंह कुछ लोगों के साथ उनके दरवाजे पर आते हैं और आए दिन गाली-गलौज करते हैं. मारपीट करने की धमकी दी जाती है, तो वहीं अब मामला इतना ज्यादा बढ़ चुका है कि अब पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है. आरोपियों की ओर से तैयार रहने को कहा गया है, जिससे परिवार वालों में डर का माहौल है. वहीं, धमकी देने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पढ़िये पूरा मामला क्या है
आपको बता दें कि यह पूरा मामला बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ी गांव, वार्ड नंबर 45 का है. मामले में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है और अन्य लोगों के माध्यम से भी उसे परेशान किया जा रहा है. छोटी एघू निवासी भू-माफिया हरेराम सिंह ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है. पीड़ित के मुताबिक, हाल ही में कुछ लोग उसके घर के दरवाजे पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि घटना के दौरान उसे दोबारा घर आकर नुकसान पहुंचाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि पीड़ित परिवार के घर के मुखिया चंद्रभूषण सिंह के पास कुछ रंगदार लोग बुलेट से आए हैं और जोर-जोर से चिल्लाकर गालियां दे रहे हैं. वहीं, अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया है. इससे साफ तौर पर अंदाजा लगाया जा सकता है कि पीड़ित परिवार को किस तरह से परेशान किया जा रहा है. वायरल वीडियो ने एक बार फिर बिहार में भू-माफियाओं की दबंगई और रंगबाजी को उजागर किया है.
आए दिन शराब के नशे में गली गलौज करते हैं भू माफिया
पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी रात के समय शराब के नशे में धुत होकर आए दिन गाली-गलौज करते हैं. इतना ही नहीं, मोबाइल फोन के माध्यम से भी धमकी दी जाती है. लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल बताया जा रहा है.पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उसका कहना है कि जमीन विवाद के कारण उसे लगातार परेशान किया जा रहा है.पीड़ित परिवार को डर है कि कहीं उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी घटना न घटे.फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.

