जेल न भेजने के एवज में 29 हजार मांग रहे थे दरोगा बाबू, दूसरे दिन खुद पहुंचे सलाखों के पीछे

बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना में दर्ज एक मामले से नाम हटाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में निगरानी विभाग की टीम ने साहेबपुर कमाल थाने में पदस्थापित एएसआइ चंदन झा गिरफ्तार कर लिया है. निगरानी विभाग की टीम ने साहेबपुर कमाल प्रखंड मुख्यालय के समीप एक फोटोस्टेट दुकान के नजदीक कार्रवाई करते हुए 29 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है.

जेल न भेजने के एवज में 29 हजार मांग रहे थे दरोगा बाबू, दूसरे दिन खुद पहुंचे सलाखों के पीछे

बेगूसराय (BEGUSARI): जिले के साहेबपुर कमाल थाना में दर्ज एक मामले से नाम हटाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में निगरानी विभाग की टीम ने साहेबपुर कमाल थाने में पदस्थापित एएसआइ चंदन झा गिरफ्तार कर लिया है. निगरानी विभाग की टीम ने साहेबपुर कमाल प्रखंड मुख्यालय के समीप एक फोटोस्टेट दुकान के नजदीक कार्रवाई करते हुए 29 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक मामले में उनका नाम हटाने के लिए दारोगा रिश्वत की मांग कर रहे हैं. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले का सत्यापन कराया. सत्यापन में रिश्वत मांगने से संबंधित आरोप की पुष्टि होने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई.

क्या है मामला

साहेबपुर कमाल गांव के वार्ड नंबर- 8 के रहने वाले स्व. विशेश्वर यादव के पुत्र अमित कुमार ने निगरानी विभाग में लिखित शिकायत की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि साहेबपुर कमाल थाना कांड संख्या-279/26 में नाम हटाने के लिए एएसआइ चंदन झा 50 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया. इसके बाद सोमवार की शाम निगरानी टीम ने प्रखंड मुख्यालय के समीप जाल बिछाया. इसी दौरान एएसआइ चंदन झा रिश्वत की रकम लेने पहुंचे. इसके बाद टीम ने उन्हें 29 हजार रुपया लेते ही पकड़ लिया. उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई. बरामद नोटों के नंबर का भी मिलान किया गया. इसके बाद टीम आरोपी को लेकर बेगूसराय आ गई‌.

आगे की कार्रवाई

आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए भागलपुर स्थित निगरानी विभाग के विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वहीं इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है. निगरानी विभाग के डीएसपी गौतम शरण ओमी ने बताया कि साहबपुर कमाल के रहने वाले अमित कुमार ने निगरानी थाना में आकर एक शिकायत दर्ज कराई थी कि साहबपुर कमाल थाने के एएसआई चंदन झा द्वारा एक मामले में उनका नाम हटाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर मामला सत्य पाया गया, जिसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 127/26 दर्ज किया गया. इसके आधार पर निगरानी टीम द्वारा ट्रैप की कार्रवाई करते हुए एएसआई चंदन झा को गिरफ्तार किया गया और बातचीत तय होने के बाद 29 हजार रुपये लेते समय आरोपी की गिरफ्तारी हुई है.

पूरा मामला फोर व्हीलर कार i20 से जुड़ा हुआ है, जिसे अमित ने बेच दिया था. बाद में उस गाड़ी को शराब तस्करी के एक केस में जब्त कर लिया गया था. इसी मामले में अमित का नाम आने पर उसे हटाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी. जिस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने उसे दबोच लिया. पूरी कार्रवाई में अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर विनोद कुमार, डीएसपी मोहन कुमार एवं महिला सिपाही सहित अन्य सहयोगी पुलिसकर्मी शामिल थे. फिलहाल अब देखना होगा की इसको लेकर कानूनी कार्रवाई क्या होती है.