प्यार के चक्कर में कर दिया कत्ल, दोस्तों ने पार्टी में बुलाया और फिर सीने में मार दी गोली, जानें क्या है पूरा मामला

बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय साजन कुमार उर्फ गोलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस को उसका शव सड़क किनारे झाड़ियों से मिला. प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है.

प्यार के चक्कर में कर दिया कत्ल, दोस्तों ने पार्टी में बुलाया और फिर सीने में मार दी गोली, जानें क्या है पूरा मामला

बेगूसरा (BEGUSARAI): बिहार के बेगूसराय में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के भड़ीहा गांव की बताई जा रही है. मृतक की पहचान भड़ीहा निवासी अरविंद पासवान के पुत्र साजन कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है. उसकी मां सविता देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं, जबकि पिता मध्य प्रदेश में मजदूरी करते हैं. युवक की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

परिजनों के अनुसार, साजन को उसके कुछ दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. बताया जा रहा है कि घर से करीब एक किलोमीटर दूर मेहदौली पंचायत के भड़ीहा-बगरस तीन बटिया के पास उसे गोली मारी गई. इसके बाद शव को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर भड़ीहा और चंदौर बहियार की सीमा पर स्थित नंधारा बहियार में सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया. काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने रात में झाड़ियों से साजन का शव बरामद किया. शव मिलने की जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.

परिजनों ने बताया कि साजन दो भाइयों में बड़ा था और उसकी तीन बहनें हैं. बेटे की हत्या की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. भगवानपुर थाना पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि साजन को घर से कौन लोग बुलाकर ले गए थे और हत्या में उनकी क्या भूमिका थी.