बेगूसराय(BEGUSARAI):बेगूसराय में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के मारवाड़ी मोहल्ला स्थित UCO बैंक की मुख्य शाखा में अचानक गोली चल गई.गोली की आवाज सुनते ही बैंक परिसर में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.घटना में बैंक का एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान 31 वर्षीय अनिल दीक्षित के रूप में हुई है, जो बैंक में डेली वेजेस ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत है.
बंदूक से अचानक गोली चल गई
जानकारी के अनुसार कैश मैनेजमेंट कंपनी SIS की कैश वैन बैंक में कैश लेने पहुंची थी.इसी दौरान अनिल दीक्षित कैश बॉक्स को गाड़ी में रख रहा था. तभी कैश वैन में तैनात गार्ड वरुण सिंह की बंदूक से अचानक गोली चल गई. गोली अनिल दीक्षित के दाहिने जांघ में जा लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा.घटना के बाद बैंक परिसर में भगदड़ मच गई.आनन-फानन में बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है.
हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है पुलिस
वहीं सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कैश वैन गार्ड वरुण सिंह को हथियार समेत हिरासत में ले लिया.पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. प्रारंभिक पूछताछ में गार्ड ने बताया कि हथियार हाथ से छूटकर गिर गया था, जिससे अचानक गोली चल गई.घटना को लेकर सदर एएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि सुरक्षा कर्मी के लाइसेंसी हथियार से एक्सीडेंटल फायरिंग हुई है, जिसमें बैंक का एक स्टाफ घायल हुआ है.घायल का इलाज जारी है.पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.