दिवाली से पहले रेलवे बिहार के लोगों को देगी एक और अमृत भारत ट्रेन की सौगात, छठ के लिए भी चलेंगी इतनी विशेष ट्रेनें

दशहरा खत्म होने के बाद बिहार में महापर्व छठ की तैयारी शुरू हो गई है. ऐसे में रेलवे ही लोगों की समस्याओं को दूर भी कर सकती है. रेलवे ने दूसरे राज्यों से बिहार आने के लिए कई विशेष ट्रेनों की शुरुआत की है.

दिवाली से पहले रेलवे बिहार के लोगों को देगी एक और अमृत भारत ट्रेन की सौगात, छठ के लिए भी चलेंगी इतनी विशेष ट्रेनें

पटना: दशहरा खत्म होने के बाद बिहार में महापर्व छठ की तैयारी शुरू हो गई है. इसी के साथ ही दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग भी अपने घर आने की तैयारी में जुटे हुए हैं लेकिन उनकी सामने एक बड़ी समस्या मुंह बाए खड़ी है. वह समस्या है ट्रेनों में सीट की अनुपलब्धता. दूसरे राज्यों से बिहार आने वाली सभी ट्रेनों में सीट पहले से फुल है, और अब बुकिंग संभव नहीं है. ऐसे में रेलवे ही लोगों की समस्याओं को दूर भी कर सकती है. रेलवे ने दूसरे राज्यों से बिहार आने के लिए कई विशेष ट्रेनों की शुरुआत की है.

दिवाली से पहले रेलवे चलाएगी बरौनी से भुज के बीच अमृत भारत

रेलवे ने गुजरात के भुज से बरौनी के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी की है. रेलवे प्रशासन आगामी 30 अक्टूबर को इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकता है. इस ट्रेन के परिचालन से बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई प्रमुख शहर आपस में बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जुड़ जाएंगे. प्रस्तावित समय सारिणी के अनुसार, यह ट्रेन बरौनी से भुज के बीच लगभग 2532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. यात्रियों को अपनी यात्रा पूरी करने में लगभग चार दिन लगेंगे और इसे सप्ताह में तीन दिन चलाने की योजना बनाई गई है. छठ और दीपावली जैसे मुख्य त्योहारों के दौरान बिहार से गुजरात जाने और वापस आने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रहती है, ऐसे में इस ट्रेन की शुरुआत से रोजगार और कारोबार के सिलसिले में बाहर रहने वाले लोगों को आवागमन में काफी आसानी होगी. रेलवे की ओर से ट्रेन के ठहराव, परिचालन के निर्धारित दिनों और विस्तृत समय-सारिणी की आधिकारिक घोषणा बहुत जल्द की जाएगी. आधिकारिक सूचना जारी होते ही यात्रियों के लिए टिकटों की बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी.

236 जोड़ी विशेष ट्रेनों की भी घोषणा

एक जानकारी के अनुसार रेलवे ने अब तक कुल 134 विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों में 54 ट्रेनें दक्षिण बिहार के लोगों को दूसरे राज्य से घर ले कर आएगी जबकि 80 ट्रेन उत्तर बिहार के विभिन्न रेलवे स्टेशन तक. इतना ही नहीं अन्य रेलवे जोन भी महापर्व के अवसर पर 102 वैसी विशेष ट्रेन चलाएगी जो बिहार के विभिन्न स्टेशनों से हो कर गुजरेगी. वैसे लोग जिन्होंने अब तक ट्रेन से बिहार आने के लिए सीट आरक्षित नहीं की और अब टिकट नहीं मिल रहा है के लिए यह विशेष ट्रेन किसी वरदान से कम नहीं है. रेलवे ने कुल 236 (118 जोड़ी) विशेष ट्रेनों के माध्यम से बिहार के विभिन्न स्टेशनों को जोड़ने का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों से परदेशी बिहारी आसानी से अपने घरों तक आ सकते हैं और पर्व समाप्ति के बाद वापस लौट भी सकते हैं. अकेले राजधानी पटना से 50 से अधिक शहरों को कनेक्टिविटी मिल रही है