मोतिहारी (BIHAR) : पूर्वी चम्पारण जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में हरैया थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान श्याम हुसैन (पिता- नियामुद्दीन), निवासी बरोएगांव, थाना श्रीनगर, जिला मुंशीगंज, बांग्लादेश के रूप में हुई है.
सीमा पार करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई हरैया थाना क्षेत्र में इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित कस्टम कार्यालय के पास मैत्री ब्रिज पर की गई. पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा पर निगरानी कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति भारत से नेपाल की ओर जाने का प्रयास कर रहा था. पूछताछ और जांच के दौरान उसके पास भारत में रहने या सीमा पार करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला. इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
रक्सौल के मैत्री पुल के रास्ते नेपाल जाने की कोशिश
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में रह रहा था और रक्सौल के मैत्री पुल के रास्ते नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था. एसएसबी के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया है. उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
संभावित नेटवर्क और गतिविधियों की भी पड़ताल
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि श्याम हुसैन भारत में कब और किस रास्ते से आया था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसका भारत आने का उद्देश्य क्या था और यहां उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे. जांच एजेंसियां उसके संभावित नेटवर्क और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं.
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अधिक कड़ी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से और अधिक कड़ी कर दी गई है. सीमा पर आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस और एसएसबी का कहना है कि सीमा की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और अवैध घुसपैठ या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
इस गिरफ्तारी को सीमा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं.

