मोतिहारी (MOTIHARI) : पूर्वी चंपारण के रक्सौल स्थित इंडो-नेपाल मैत्री पुल पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसएसबी 47वीं बटालियन, प्रयास जुवेनाइल एंड चाइल्ड सेंटर तथा स्वच्छ रक्सौल एनजीओ की संयुक्त कार्रवाई में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को मानव तस्करी के प्रयास से सुरक्षित बचा लिया गया. पुलिस ने नेपाल निवासी 22 वर्षीय युवक को हिरासत में लेकर हरपुर थाना के हवाले कर दिया है.
फेसबुक के माध्यम से संपर्क किया था
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने फेसबुक के माध्यम से नाबालिग लड़की से संपर्क किया था. आरोप है कि उसने लड़की के कुछ निजी फोटो और वीडियो हासिल कर उसे ब्लैकमेल किया तथा शादी का झांसा देकर पंजाब के जालंधर से बिहार बुलाया. लड़की अपने माता-पिता के साथ जालंधर में रहती है जबकि उसका मूल घर सीतामढ़ी जिले में है.
नेपाल जाने की तैयारी कर रहे थे
जानकारी के अनुसार, युवक पहले मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां लड़की का इंतजार किया. इसके बाद दोनों बस से रक्सौल पहुंचे और नेपाल जाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान इंडो-नेपाल बॉर्डर पर तैनात सुरक्षा बलों को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगी. पूछताछ के लिए रोके जाने पर मामले की सूचना प्रयास जुवेनाइल एंड चाइल्ड सेंटर तथा स्वच्छ रक्सौल एनजीओ को दी गई.
लड़की 2 अगस्त से लापता थी
दोनों से अलग-अलग पूछताछ में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए. इसके बाद लड़की के परिजनों से संपर्क किया गया. परिजनों ने बताया कि लड़की 2 अगस्त से लापता थी और उसकी काफी तलाश की जा रही थी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
संयुक्त पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग लड़की को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया, जबकि आरोपी युवक को आगे की कार्रवाई के लिए हरपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिगों को फंसाने वाले मामलों में अभिभावकों और बच्चों को विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है.

