बिहार: अरवल में दो बाइकों की टक्कर में महिला की मौत, पति घायल
अरवल जिले से सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है.मानिकपुर मछियामा मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि पति घायल हो गए. मौके से बाइक चालक फरार है. पुलिस जांच में जुट गई है.
अरवल(ARWAL): जिले से सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है. मानिकपुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर मछियामा मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि पति घायल हो गए. मृतका की पहचान कुर्मामा गांव निवासी दशरथ दास की पत्नी शीशाकली देवी के रूप में हुई है. दरअसल, जानकारी के अनुसार दशरथ दास अपनी पत्नी शीशाकली देवी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर कुर्मामा गांव से मानिकपुर बाजार जा रहे थे. इसी दौरान मछियामा मोड़ के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद दशरथ दास की मोटरसाइकिल सड़क पर गिर गई जिससे उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद दूसरी मोटरसाइकिल का चालक मौके से फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्था लाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद गाँव में मातम का माहौल है. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.
इधर इस सड़क दुर्घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी जहां घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अरवल सदर अस्पताल भेज दिया गया. घटनास्थल पर पहुंचे मानिकपुर थाना के पुलिस अधिकारी अक्षय कुमार और महेंद्र पाल जांच में जुट गए है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके.
फिलहाल पुलिस फरार बाइक चालक की पहचान करने और उसे पकड़ने की कोशिश में जुटी है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर भी चिंता जताई है. अब देखना यह होगा की पुलिस इस मामले को लेकर क्या करती है और इलाके में हो रहे सड़क दुर्घटना के लिए क्या कदम उठाती है.