अररिया(ARARIA):बिहार में रिश्वतखोर अधिकारियों के खिलाफ निगरानी विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. ताजा मामला अररिया जिले का है, जहां निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये घूस की राशि के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया.बिहार में रिश्वतखोर अधिकारियों के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में अररिया जिले से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है. निगरानी विभाग ने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि मशीन की आपूर्ति के बदले महाप्रबंधक की ओर से कमीशन की मांग की जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की. गिरफ्तारी के बाद विभागीय स्तर पर भी हड़कंप मच गया है. फिलहाल निगरानी विभाग की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
पढ़े कैसे खुला राज
निगरानी विभाग के डीएसपी ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि मशीन आपूर्तिकर्ता कमरे आलम ने निगरानी विभाग में शिकायत की थी. शिकायत के बाद सूचना का सत्यापन किया गया, जिसके उपरांत विभाग की ओर से कांड दर्ज किया गया था.
खा रहे थे 5% का कमीशन
डीएसपी ने बताया कि कमरे आलम मशीन की आपूर्ति करते हैं और उन्होंने 17 लाख रुपये की मशीन की आपूर्ति की थी. इसके एवज में 5 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी.उन्होंने बताया कि आज उनके नेतृत्व में महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल के घर पर छापेमारी की गई, जहां से 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. निगरानी विभाग की ओर से मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.

