अररिया(ARARIA):अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में धान रोपनी के लिए जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलट गया. हादसे में तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. यह हादसा रघुनाथपुर उत्तर मौजा स्थित सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के वार्ड संख्या-14 के समीप परिहारी वितरणी नहर के पश्चिमी किनारे हुआ.
सभी घायल का अस्पताल में चल रहा है इलाज
जानकारी के अनुसार मजदूर ट्रैक्टर पर सवार होकर धान रोपनी के लिए खेत जा रहे थे. इसी दौरान ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर के नीचे दबने से सिरसिया काला वार्ड संख्या-4 निवासी मीरा देवी (पति बबलू मंडल), नैया देवी (पति कारी मंडल) और रंजू देवी (पति किशोर मंडल) गंभीर रूप से घायल हो गईं. इनमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.हादसे में आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल हुए हैं. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थाना के अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार, एसआई रंजना गुप्ता, एसआई विकास आनंद, एएसआई मृत्युंजय कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

