अररिया (BIHAR) : जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था, टैक्स और विकास से जुड़े कई अहम ऐलान किए. उन्होंने साफ कहा कि बिहार में अपराधियों और घुसपैठियों से किसी तरह का समझौता नहीं होगा. उन्होंने कहा कि राज्य में सुशासन की सरकार है और आगे भी रहेगी, इसलिए अपराधियों को बिहार छोड़ देना चाहिए. सरकार अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और अपराध के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है.
गरीब परिवारों पर किसी तरह का नया बोझ नहीं डाला जाएगा
ग्रामीण क्षेत्रों में घरों पर ₹1200 टैक्स लगाए जाने की चर्चा पर सम्राट चौधरी ने कहा कि गरीब परिवारों पर किसी तरह का नया बोझ नहीं डाला जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स केवल व्यावसायिक (कमर्शियल) संपत्तियों से जुड़े लोगों पर लागू होगा. आम ग्रामीण परिवारों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है.
के. सरकार ने राज्यों से स्थानीय संसाधन बढ़ाने की बात कही है
उन्होंने कहा कि पहले 15वें वित्त आयोग के तहत बिहार को करीब 20 हजार करोड़ रुपये मिले थे, जबकि अब केंद्र सरकार ने 50 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा की है. इस राशि से गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा. उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने राज्यों से अपने स्थानीय संसाधन बढ़ाने की बात कही है.
टोल टैक्स के मुद्दे पर भी सम्राट चौधरी ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि पारिवारिक और निजी वाहनों से कोई टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा. केवल व्यावसायिक (कमर्शियल) वाहनों पर ही टोल टैक्स लागू होगा.
अररिया जिले के फारबिसगंज में एयरपोर्ट बनाने की घोषणा
इस दौरान उन्होंने अररिया जिले के फारबिसगंज में एयरपोर्ट बनाने की घोषणा भी की. साथ ही यहां मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य एवं परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

