अररिया (ARARIA) : नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 68 हजार 800 रुपये नकद, सात एटीएम कार्ड, दो पासबुक, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. यह कार्रवाई त्रिशूलिया घाट के पास की गई.
साइबर ठगी में शामिल होने की बात स्वीकारी
इस मामले की जानकारी नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेन्द्र कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में नगर थाना के एसआई अमित कुमार और सशस्त्र बल के जवानों ने त्रिशूलिया घाट के पहले एक बाइक पर सवार चार युवकों को रोककर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान युवकों ने साइबर ठगी में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद उनकी तलाशी ली गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी बरामद हुई.
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि बरामद 68 हजार 800 रुपये साइबर ठगी से हासिल किए गए थे. इस मामले में नगर थाना में कांड संख्या 374/26, दिनांक 17 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 111(1), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
एसपी ने बताया कि पुलिस को पहले एडीबी चौक स्थित एटीएम सेंटर के पास कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए थे. पूछताछ में उन्होंने दिल्ली पैसे भेजने की बात कही. सामान्य तौर पर लोग दिल्ली से अपने घर पैसे भेजते हैं, जबकि यहां से दिल्ली पैसे भेजने की बात पुलिस को संदिग्ध लगी. इसी आधार पर पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और जांच के बाद कार्रवाई की.
अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बैरगाछी थाना क्षेत्र के बोची निवासी 27 वर्षीय अबू रेहान, 19 वर्षीय मो. फैसल आलम तथा मदनपुर थाना क्षेत्र के कनायन मुसहर टोला निवासी 20 वर्षीय आसिफ और 20 वर्षीय इमरान आलम के रूप में हुई है. एसपी ने बताया कि इस साइबर ठगी गिरोह में अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका है. उनकी तलाश जारी है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है.

