घर में घुसा 10 फीट लंबा कोबरा, महिला रेस्क्यूअर ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा, जानिए कहां का है मामला

घर में घुसा 10 फीट लंबा कोबरा, महिला रेस्क्यूअर ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा, जानिए कहां का है मामला

बगहा (BIHAR) : पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के विशाहा गांव में उस समय शोर-शराबा मच गया. जब मुन्नी लाल के घर में करीब 10 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप निकल आया. अचानक घर में इतने बड़े सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए. कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

परिवार ने राहत की सांस ली

घटना की जानकारी मिलते ही सर्प रेस्क्यू का कार्य करने वाली जानकी देवी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने बिना घबराए पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया. काफी प्रयास के बाद उन्होंने विशाल कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया. इसके बाद सांप को किसी तरह का नुकसान पहुंचाए बिना जंगल में छोड़ दिया गया. समय पर रेस्क्यू होने से कोई जनहानि नहीं हुई और परिवार ने राहत की सांस ली.

साहस और सूझबूझ की सराहना

स्थानीय लोगों ने जानकी देवी के साहस और सूझबूझ की सराहना की. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। महिला रेस्क्यूअर की तत्परता से एक ओर लोगों की जान सुरक्षित रही, वहीं वन्यजीव संरक्षण का भी अच्छा उदाहरण देखने को मिला.

रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं

जानकारी के अनुसार, बरसात के मौसम में वाल्मीकिनगर और आसपास के क्षेत्रों में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. नेपाल से आने वाली पहाड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण कई वन्यजीव सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं. इसी वजह से गांवों और घरों में सांप दिखाई देने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं.

वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि घर या आसपास कोई सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और उसे मारने की कोशिश भी न करें. तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूअर को सूचना दें, ताकि सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके.