टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई को एक और कामयाबी मिल गई है. चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्याकांड मामले में सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के बलिया के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू को शनिवार को हिरासत में ले लिया. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह सीबीआई से बचने के लिए एक पुराने मामले में कोर्ट में सरेंडर कर दिया था. इसके बाद उसे यूपी के मऊ जेल भेज दिया गया था. लेकिन सीबीआई ने उसे हिरासत में ले लिया है.
मऊ जेल से लिया गया हिरासत में
पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के बारासात स्थित अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से उसके खिलाफ वारंट हासिल किया गया और इसी वारंट के आधार पर शनिवार को सीबीआई मऊ जिला कारागार पहुंची. उसे लेकर कोलकाता के लिए रवाना हो गई है. उल्लेखनीय है कि इस हाई प्रोफाइल मर्डर केस में सुपारी और साजिश के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े हुए है. इस मामले में चार अपराधी अब तक सीबीआई के शिकंजे में आ चुके है.
अब तक कितनी गिरफ्तारियां ?
ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के पहले नवीन कुमार सिंह, गोलू सिंह उर्फ टाइगर को ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई कोलकाता ला चुकी है. राजकुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. बता दें कि ज्ञानेंद्र प्रसाद प्रताप सिंह की गिरफ्तारी के बाद बड़ा सिंडिकेट सीबीआई की रिमांड पर है. केंद्रीय जांच एजेंसी इन सभी को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर सकती है. बता दें कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की 6 मई को पश्चिम बंगाल मैं गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. यह घटना विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद हुई थी. पहले इसकी जांच बंगाल एसआईटी कर रही थी लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे सीबीआई को सौंप दिया गया था.