TNP DESK: बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआं इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक अज्ञात युवक ने कथित तौर पर एक मकान की छत से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार घटना कदमकुआं थाना क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि एक घर का दरवाजा खुला हुआ था, तभी एक युवक अचानक घर के अंदर दाखिल हुआ और तेजी से ऊपर की मंजिल की ओर चला गया. वहां पहुंचने के बाद युवक रेलिंग पर चढ़ गया. इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, युवक ने सीधे नीचे छलांग लगा दी.
नीचे गिरते ही युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके.
कदमकुआं थाना अध्यक्ष राम जन्मेजय सिंह ने बताया कि युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक कौन था और उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है.

