धनबाद(DHANBAD): साइबर अपराधी अब नाक में दम कर दिए है. सरकार को भी खुली चुनौती दे रहे है. सरकार की योजनाओं में घुसपैठ कर रहे है. गलत जानकारी देकर लाभुकों को ठगने की कोशिश कर रहे है. साइबर अपराधियों पर नकेल कसने की ,जो भी कोशिश हो रही है, उसे वह विफल कर दे रहे हैं और नए-नए तरीके ढूंढ ले रहे है. धनबाद में सरकारी योजनाओं में घुसपैठ कर लोगों को ठगने की कोशिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा ने जिले के सभी किसानों को मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के नाम पर भ्रामक जानकारी देने वाले और साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की है.
उन्होंने बताया कि जिले के कुछ कृषकों से शिकायत प्राप्त हो रही है कि उनके पास फोन आ रहे हैं, जिसमें जिला प्रशासन/ जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा पर कृषि विभाग, झारखंड, रांची द्वारा उनका चयन मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना में किये जाने की बात कही जा रही है. कुछ निजी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक पास बुक, भू - अभिलेखों को वॉट्सएप पर भेजने और कृषक अंशदान किसी तीसरे पक्ष के बैंक खाते में जमा करने को कहा जा रहा है. उन्होंने कहा है कि यह पूर्णतः भ्रामक जानकारी है और साइबर फ्राड का मामला है. योजना में लाभार्थियों का चयन भूमि संरक्षण कार्यालय, धनबाद द्वारा पंचायत, प्रखंड व जिला स्तरीय समितियों की अनुशंसा पर सघन जांच के बाद किया जाता है.
व्यक्तिगत स्तर / रेंडम आधार पर लाभार्थियों का चयन नहीं किया जाता है.इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए भूमि संरक्षण कार्यालय, धनबाद, जिला कृषि कार्यालय, धनबाद या राज्य के किसान काल सेंटर 18001231136 पर सम्पर्क किया जा सकता है. उन्होंने कहा बिना वास्तविक जानकारी के किसी को पैसे न भेजें,आप चयनित लाभार्थी हैं, इसकी जानकारी संबंधित विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय से प्राप्त कर ले.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


