पलामू के चियांकी में चावल गोदाम के पीछे कुएं से मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

    पलामू के चियांकी में चावल गोदाम के पीछे कुएं से मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

    पलामू (PALAMU): जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. चियांकी स्थित चावल गोदाम के पीछे एक कुएं से महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए.

    मिली जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके आसपास एक शादी समारोह चल रहा था. देर रात करीब दो से तीन बजे तक कार्यक्रम जारी रहा, जिसके बाद लोग अपने-अपने घर लौट गए. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला कुएं में कैसे पहुंची.

    स्थानीय लोगों ने जब कुएं में शव देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया. मृतका की पहचान 51 वर्षीय शांति देवी के रूप में की गई है.

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी साजिश के तहत हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है.

    घटना की जानकारी मिलने पर एएसआई समाल अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके.

    फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.



    Related News