धनबाद के स्कूल में बच्चे क्यों हुए बीमार, आप भी जानिये वजह 

    धनबाद के स्कूल में बच्चे क्यों हुए बीमार, आप भी जानिये वजह

    धनबाद (DHANBAD): धनबाद के टिकिया पड़ा स्थित माउंट ब्रेसिया स्कूल में शुक्रवार की दोपहर बाद बेहोश हुए बच्चों की घटना के बाद अभिभावकों में तीखी प्रतिक्रिया हुई है. दस से अधिक बच्चे स्कूल में ही बीमार पड़ गए थे. घटना के बाद  प्रशासन भी सक्रिय हुआ है.  DSE के आदेश पर BEEO सर्किल मरांडी शनिवार को जांच करने स्कूल पहुंचे.  इसके अलावा धनबाद जिला अभिभावक महा संघ भी आज डीएसई से मिला और उन्हें घटना के संबंध में जानकारी देते हुए आगे कार्रवाई की मांग की. कहा कि यह सुनिश्चित होना चाहिए कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं होंगी.  संघ के मुकेश पांडे ने कहा कि धनबाद में स्कूल शिक्षा का मंदिर न होकर व्यवसाय का केंद्र हो गया है.  शिक्षा स्वास्थ अब सेवा नहीं मेवा का काम हो  गया है.

    कई प्राइवेट स्कूलों की हालत सरकारी से भी ख़राब 
      
    वहीं, अभिभावक संघ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि  प्राइवेट स्कूलों की स्थिति बद से बदतर है. कई विद्यालयों का हाल तो सरकारी स्कूलों से भी अधिक खराब है.  स्कूल के उप प्राचार्य अरिजीत गुहा ने कहा कि अधिकारी जांच कर रहे हैं, वह जो भी जानकारी लेना चाह रहे हैं, हम लोग सहयोग कर रहे हैं.  स्कूल का नया भवन बन रहा है, जल्द ही बच्चों को उसमें शिफ्ट कर दिया जाएगा.  धनबाद के  पाटलिपुत्र नर्सिंग होम, जहां शनिवार को तीन बच्चों का इलाज हुआ, उस समय इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर किशोर का कहना है कि बच्चे बहुत घबराए हुए थे.  ऐसा लगता है कि सफोकेशन के कारण उन्हें समस्या आ रही थी.  प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. 


    क्या कहते हैं जाँच अधिकारी 
     
    इधर, इस संबंध में जांच करने पहुंचे BEEO सर्किल मरांडी ने कहा कि बच्चों के अनुपात में जगह की कमी दिख रही है.  जांच रिपोर्ट आला अधिकारियों को दी जाएगी.  हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि बैठने की व्यवस्था तो ठीक है लेकिन सफोकेशन की समस्या है.  अब देखना होगा कि माउंट ब्रेसिया की जांच रिपोर्ट के बाद अन्य स्कूलों की भी जांच होगी या फिर यह  रिपोर्ट भी फाइलों में बंद होकर रह जाएगी. 

    रिपोर्ट : सम्भावी सिंह के साथ  प्रकाश 

     



    Related News