धनबाद की "लाइफ लाइन" की रिपेयरिंग के लिए किन -किन  वैकल्पिक रास्तों की हुई जांच,पढ़िए डिटेल्स में

    धनबाद की "लाइफ लाइन" की रिपेयरिंग के लिए किन -किन  वैकल्पिक रास्तों की हुई जांच,पढ़िए डिटेल्स में

    धनबाद(DHANBAD):  धनबाद की "लाइफ लाइन" नया बाजार फ्लाई ओवर  की रिपेयरिंग होनी है.  काम तो जारी है, लेकिन अब वन वे कर  अथवा ट्रैफिक रोककर रिपेयरिंग का काम करना होगा.  धनबाद को कई शहरो  से जोड़ने वाले इस फ्लाईओवर पर वाहनों का बड़ा लोड है.  इस फ्लाईओवर  की हालात ठीक नहीं है.  इसके लिए उसकी मरम्मत के लिए काम शुरू किया गया है.  संभावना अधिक है कि ट्रैफिक रोक कर ही मरम्मत का कार्य किया जाए.  फ्लाई ओवर  को 5 से 6 इंच उठाना है. इसके बियरिंग  की भी मरम्मत करनी है. फ्लाई ओवर  होकर पानी की  पाइप भी गुजरी  है, उसे भी बचाना है. गुरुवार को उपायुक्त  सुश्री माधवी मिश्रा के निर्देश पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर  पीयूष सिन्हा के नेतृत्व में एक टीम ने नया बाजार से धनसार चौक तक सड़क का निरीक्षण किया.

    कई वैकल्पिक मार्गो की हुई जाँच -पड़ताल 
     
    इस संदर्भ में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि बैंक मोड़ फ्लाईओवर की मरम्मती के लिए फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहनों का आवागमन बंद किया जाएगा.  इसके लिए वैकल्पिक मार्ग के तौर पर अधिकारियों की टीम के साथ सड़क का निरीक्षण किया गया है. टीम ने नया बाजार से बैंक मोड, बैंक मोड़ से धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर वाले मार्ग, बरमसिया मोड़, डेमियन सोशल वेलफेयर मोड़ तक मार्ग का निरीक्षण किया.  वहां से पुनः टीम ने मनईटांड होते हुए हावड़ा मोटर तथा हावड़ा मोटर चौराहे से शक्ति पथ होते हुए धनसार चौक तक वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण किया. 

    निरीक्षण में शामिल थे यह अधिकारी 

    निरीक्षण के क्रम में वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों के सुगम आवागमन के लिए विचार विमर्श हुआ. निरीक्षण के दौरान एडीएम लॉ एंड ऑर्डर  पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी  राजेश कुमार, ट्रैफिक डीएसपी  अरविंद कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी  दिवाकर सी द्विवेदी, अंचल अधिकारी ,धनबाद  शशिकांत सिंकर, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता  मिथिलेश प्रसाद, सहायक अभियंता  ओम प्रकाश, कनीय अभियंता  नसीम अख्तर, नगर निगम के सिटी मैनेजर  विशाल कुमार सिन्हा, फूड इंस्पेक्टर  अनिल कुमार तथा ठेकेदार  संजय गोटीवाले सहित अन्य लोग मौजूद थे. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 



    Related News