टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में पिछले 1 सप्ताह से गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, खासकर पलामू, गढ़वा और जमशेदपुर में तो झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है.जहां सुबह 7:00 बजे से पहले ही कड़क धूप निकल रही है.आपको बता दें कि जमशेदपुर में पहले ही पांच लोगों की जान गर्मी की वजह से जा चुकी थी, वहीं रविवार के दिन और तीन लोगों की जान गर्मी की वजह से गई है.यानी अब तक जमशेदपुर में गर्मी ने 8 लोगों की जान ले ली है.जनगणना के कई कर्मचारी ऐसे हैं जो काम करने के दौरान बेहोश तक हो जा रहे है.अब इस बात से ही आप अंदाजा लगा सकते हैं कि गर्मी किस तरह पड़ रही है और लोगों के जीवन पर कितना बुरा असर पड़ रहा है. वहीं मौसम विभाग की ओर से जो जानकारी सामने आई है वह भी राहत देने वाली बिल्कुल नहीं है.
पलामू, गढ़वा और चतरा में लू का असर ज्यादा
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक झारखंड के मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा, जहां कुछ इलाकों में हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना है, हालांकि इससे कोई ज्यादा फर्क पड़ने वाला नहीं है. वहीं आने वाले दिनों में कड़क धूप, भीषण गर्मी और लू लोगों का पसीना छुड़ाएगी. उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे पलामू, गढ़वा और चतरा में लू का असर ज्यादा रहेगा.मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यहां तापमान सामान्य से काफी ऊपर है, इसलिए दोपहर में बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है.
44 डिग्री पहुंचा कई जिलों का पारा
पिछले 24 घंटे के दौरान यानी रविवार के मौसम की बात करें तो डालटनगंज सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. जमशेदपुर में 40.5 डिग्री, बोकारो में 42.1 डिग्री और चाईबासा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रांची में भी गर्मी का असर देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा.वहीं बहरागोड़ा में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, लेकिन राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम पूरी तरह सूखा बना रहा.
पढ़े अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 25 से 28 मई के बीच राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.खासकर 25 मई को संताल परगना क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है. इसके अलावा 26 और 27 मई को भी कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी.रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम लगातार बदलता रहेगा. कभी बादल छाए रहेंगे, कभी बारिश होगी तो कभी धूप निकल सकती है. 28 मई तक तापमान में गिरावट आने का अनुमान है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
पढ़िये आज का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस की संभावना है.जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहसकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री,जबकि देवघर में अधिकतम 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस,तो वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.वहीं मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री जा सकता है.

