चाईबासा: पेयजल की लचर व्यवस्था से ग्रामीण परेशान, खाली बर्तनों के साथ उतरे सड़क पर


चाईबासा(CHAIBASA): झारखंड के कई जिलों में लोग गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से परेशान रहते हैं. पेयजल की बदहाल व्यवस्था को लेकर लोग काफी संकट का सामना कर रहे हैं. वहीं झींकपानी प्रखंड क्षेत्र के स्थानों में पेयजल की लचर व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणाें ने पीएचईडी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. काफी संख्या में ग्रामीण खाली बर्तनों के साथ पीएचइडी कार्यालय पहुंचे और आक्रोश जताया. सभी ने खराब चापाकल और खराब पड़े सोलर जल मीनार को ठीक कराने की मांग की. प्रदर्शन का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य जाॅन मिरन मुंडा, मानसिंह तिरिया और माधव चंद्र कुंकल कर रहे थे.
पानी के लिए परेशान ग्रामीण
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सोलर जल मीनार सफेद हाथी साबित हो रहा है. प्रशासन के द्वारा विभिन्न जगहों पर डीएमएफटी मद लगाए गये. जल मीनारों का फायदा ग्रामीणों को तो मिला, लेकिन सुदूरवर्ती क्षेत्रों के ज्यादातर जल मीनार जल्द ही खराब हो गए. अब ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है. जिला परिषद सदस्य जॉन मिलन मुंडा ने कहा कि सभी जल मीनार खराब पड़े हैं. जिस उद्देश्य से इसे बनाया गया था वह आज तक पूरा नहीं हो पाया है. उन्होंने विभाग के कार्यपालक अभियंता से इसकी जांच कर संबंधित संवेदक पर कार्रवाई करने की मांग की है. प्रदर्शन में जिला परिषद सदस्य जगन्नाथपुर, सहीत झींकपानी प्रखंड के विभिन्न गांव के ग्रामीण मौजूद थे.
रिपोर्ट: संतोष वर्मा, चाईबासा
4+