बाबा मख्दुम शाह के दरगाह में उर्स मेला का समापन, चादर चढ़ाकर सभी ने मांगी अमन- चैन की दुआ


देवघर (DEOGHAR): देवघर के सारठ स्थित बाबा मख्दुम शाह के दरगाह में सालाना उर्स मेला 29 मार्च से ही आरंभ हो गया है. अमन चैन व शांति की दुआ की कामना के साथ 6 दिवसीय उर्स मेला का आज समापन हो जाएगा. उर्स शुरु होते ही चादरपोशी करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ती है. इस उर्स मेला में झारखंड के कई जनप्रतिनिधि द्वारा भी चादरपोशी की जाती है. 29 मार्च की रात से शुरु हुए इस मेला में फिलहाल झारखंड,बिहार,बंगाल इत्यादी राज्यों के लोग पहुंच रहे हैं और मख्दुम बाबा के दरगाह पर चादरपोशी कर अमन-चैन की दुआ मांग रहे हैं. सदियो पुरानी यह मजार सांप्रदायिक सद्भाव का नायाब नमूना है. हर जाति धर्म के लोग यहा अपनी मुराद लेकर पहुंचते हैं.
आज अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे दरगाह
बताया जाता है कि बाबा के दरगाह पर फरियादी की हर नेक मुराद पूरी होती है. आज अंतिम दिन उम्मीद की जा रही है कि देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद अपनी मुरादें लेकर बाबा के दरबार में हाज़िरी लगाने पहुचेंगे. इस 6 दिवसीय उर्स मेला में मन्नत मांगने ही नहीं बल्कि अपनी मन्नत पूरी होने पर मकदूम शाह की मज़ार पर चादरपोशी करने भी बड़ी तादाद में लोग यहाँ पहुंचते हैं. 6 दिवसीय इस उर्स मेला के दौरान भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतज़ाम किये जाते हैं. इसके लिए मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. वहीं बच्चों के लिए भी मनोरंजन की पूरी व्यवस्था इस मेला में रहती है.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा
4+