मंडल डैम परियोजना को लेकर गढ़वा में हंगामा, ग्रामीणों ने रोका अधिकारियों का काफिला

    मंडल डैम परियोजना को लेकर गढ़वा में हंगामा, ग्रामीणों ने रोका अधिकारियों का काफिला
    झारखंड के गढ़वा जिले में मंडल डैम परियोजना से जुड़े स्थल निरीक्षण के दौरान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. स्थिति इतनी बढ़ गई कि पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर अधिकारियों के काफिले को वहां से निकालना पड़ा.

    गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में मंडल डैम परियोजना से जुड़े स्थल निरीक्षण के दौरान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. स्थिति इतनी बढ़ गई कि पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर अधिकारियों के काफिले को वहां से निकालना पड़ा.

    जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी मंडल डैम पुनर्निर्माण परियोजना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत डूब क्षेत्र के लोगों को बसाने के लिए नए स्थान का चयन किया जा रहा है. इसी सिलसिले में गढ़वा के उपायुक्त Dinesh Yadav, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और वन विभाग की टीम रंका प्रखंड के विश्रामपुर गांव पहुंची थी.

    अधिकारियों की टीम वहां संभावित पुनर्वास स्थल का निरीक्षण करने गई थी. निरीक्षण के बाद जब अधिकारी वापस लौट रहे थे, तभी कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध करते हुए उनके काफिले को रोक दिया. बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीण हाथों में हंसुआ लेकर भी मौके पर पहुंचे थे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे.

    स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब लोग हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. इसके बाद अधिकारियों का काफिला वहां से रवाना हो सका.

    उपायुक्त दिनेश यादव ने बताया कि रंका प्रखंड के विश्रामपुर पंचायत भवन में बैठक कर मंडल डैम के विस्थापितों को बसाने के लिए संभावित स्थल का निरीक्षण किया गया है. यहां करीब 750 परिवारों को बसाने की योजना है. जिला प्रशासन की ओर से सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी और काम शुरू किया जाएगा.

    वहीं एसपी अमन कुमार ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने उन्हें समझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया.

    रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news