रेल में हड़ताल को लेकर सक्रिय हुई यूनियन, दिया नारा- जो पुरानी पेंशन बहाल करेगा, वही देश पर राज करेगा

    रेल में हड़ताल को लेकर सक्रिय हुई यूनियन, दिया नारा- जो पुरानी पेंशन बहाल करेगा, वही देश पर राज करेगा

    धनबाद(DHANBAD): ईसीआरकेयू पुरानी पेंशन बहाली की मांग  को ले हड़ताल पर रेलकर्मियों की राय जानने के लिए स्ट्राइक बैलट का प्रयोग करेगी.  धनबाद रेल मंडल में ईसीआरकेयू के 14 ब्रांच है. 21 और 22 नवंबर  को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर भविष्य में होने वाली रेल हड़ताल के लिए रेलकर्मियों का विचार जानने के लिए स्ट्राइक बैलट का प्रयोग करेगी. ईसीआरकेयू के अलावे पूरे भारतीय रेलवे में सभी रेलवे जोन और कारखाना में एक ही साथ  हड़ताल के लिए यह मतदान होगा. ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली के लिए  संयुक्त फोरम का गठन किया गया है.  जो नई  पेंशन प्रणाली को समाप्त कर पुराणी  सुनिश्चित पेंशन बहाली के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन कर रहा है.  

    अब तक प्रदर्शन हुआ, अब होगा आंदोलन 

    अबतक प्रत्येक महीने की 21 तारीख को नई  पेंशन योजना को समाप्त कर सभी को पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन, प्रदर्शन किया जाता रहा है.10 अगस्त को दिल्ली के रामलीला मैदान में लाखों की संख्या में रेलकर्मियों सहित अन्य केन्द्रीय और राज्य के कर्मचारियों,शिक्षक संघों, रक्षा मंत्रालय के सिविल कर्मचारियों आदि ने उपस्थित होकर पुरानी पेंशन की बहाली के लिए केन्द्र सरकार के समक्ष अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया है.  इसके बाद भी सरकार की नींद नहीं टूटी है. 8 नवंबर को फेडरेशन के मुंबई सम्मेलन में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि पेंशन बहाली के लिए रेलकर्मियों द्वारा फेडरेशन के नेतृत्व में रेल हड़ताल की जाएगी.   इस हड़ताल के लिए 21 और 22 नवंबर' 2023 को रेल कर्मियों के पास यह मौका है कि वे  अपना मत देकर  इस हड़ताल का समर्थन करे.  

    रेलकर्मी अपनी मांग के लिए करें आंदोलन का समर्थन 

    समय आ गया है कि रेल कर्मचारी अपने अधिकार की लड़ाई में हर स्तर पर सक्रिय भूमिका अदा करे.  ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने आगामी संसदीय चुनाव के आलोक में यह आह्वान किया है कि रेलकर्मी उसी राष्ट्रीय दल को अपना मत देंगे जो पुरानी  पेंशन को बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने का वादा पूरा करेंगे. उन्होंने नारा दिया है कि जो पुरानी पेंशन बहाल करेगा, वही देश पर राज करेगा. रेल हड़ताल के लिए स्ट्राइक बैलट को लेकर केंद्रीय स्तर पर ईसीआरकेयू के अध्यक्ष डीके पांडेय, अपर महामंत्री मो ज़्याउद्दीन,सहायक महामंत्री ओमप्रकाश, केन्द्रीय कोषाध्यक्ष सह एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी ओ पी शर्मा और शाखा स्तर पर नेताजी सुभाष,बी के दुबे,सोमेन दत्ता,एन के खवास,जे के साव,इंद्र मोहन सिंह,बी के साव,बी बी सिंह,बी के झा,रूपेश कुमार,चंदन कुमार शुक्ला,सुनील कुमार सिंह,एम पी महतो,आर एन चौधरी,अजीत कुमार मंडल,उमेश कुमार सिंह,सी पी पांडेय और विश्वजीत मुखर्जी सक्रियता के साथ तैयारियों में  लगे हुए है. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news