धनबाद (DHANBAD) : सदर थाना क्षेत्र के हीरापुर तेलीपाड़ा में सोमवार को जय माता दी जनरल स्टोर के बाहर किनारे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला. स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर धनबाद थाना की टीम पहुंची और मामले की जांच में जुट गई.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक इलाके में डांगरा नाम से जाना जाता था. शुरुआती जानकारी के अनुसार वह टुंडी क्षेत्र का रहने वाला एक आदिवासी युवक था जो हीरापुर और आसपास के इलाकों में रिक्शा चलाकर अपनी जीविका चलाता था. हालांकि उसकी आधिकारिक पहचान की अभी तक पुलिस द्वारा पुष्टि नहीं की गई है.
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध जरूर है लेकिन मौत के सही कारणों के बारे में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बताया जा सकेगा. आसपास के दुकानदारों और राहगीरों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है ताकि घटना के बारे में जानकारी पता चल सके.
स्थानीय निवासी निरंजन कुमार ने बताया कि मृतक अक्सर इसी क्षेत्र में दिख जाता था और रात में भी कई बार सड़क किनारे सोता था. वहीं धनबाद थाना के एएसआई राजीव कुमार चौबे ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अब मृतक की पहचान और मौत की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है.
रिपोर्ट- नीरज कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


