बाबानगरी में हर घर तिरंगा अभियान का आगाज़, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों को दी गई श्रद्धांजलि


देवघर (DEOGHAR): "आजादी का अमृत महोत्सव" प्रगतिशील भारत के 75 साल और इस दौरान भारतीय संस्कृति, परम्परा, उपलब्धियां और विकास की शानदार और गौरवमयी गाथा का सम्मान करते हुए, जश्न मनाते हुए नये जोश नये उत्साह के साथ बुलंदियों की तरफ अग्रसरित होने की भारत सरकार की एक पहल है. इसी कड़ी में देवघर में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा के अभियान की शुरुआत की गई. रोहिणी शहीद स्मारक स्थल से नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक शैलेन्द्र कुमार लाल ने इस अभियान की शुरुआत की. हर घर तिरंगा अभियान के तहत सबसे पहले रोहिणी शहीद स्थल में स्वतंत्रता सेनानी और वीर सपूतों की मूर्तियों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया. इस दौरान भारत माता की जय, वन्देमातरम की जयकारों से वातावरण गूंज उठा. इस अवसर पर रोहिणी पार्क मे वृक्षारोपण भी किया गया. हर घर तिरंगा अभियान को लोगों तक पहुंचाने और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देने के लिए कई वार्ड पार्षद, स्वयं सहायता समूह के लोग नगर निगम के कर्मचारी, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहें.
क्या है हर घर तिरंगा अभियान
इस साल 15 अगस्त को देश को आजादी मिले 75 वर्ष पूरे हो जाएंगे. इसकी खुशी में देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है. इसके तहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने का आह्वान किया है. जिसकी शुरूआत 2 अगस्त से हो चुकी है. लोगों ने अपने घरों में तिरंगा फहराना शुरू कर दिया है. लोग अपने सोशल मिडिया अकाउंट के प्रोफाइल पिक्चर में तिरंगे की फोटो लगा रहे हैं. इस अभियान का मकसद लोगों को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है. इससे लोगों में देशभक्ति की भावना जागेगी और तिरंगे को लेकर उनमें और समझ आएगी.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
4+