थल सैनिक कैंप 2022 में शामिल होंगी झारखंड की एनसीसी कैडेट्स, जानिये कहां ले रहीं ये ट्रेनिंग


दुमका (DUMKA) : दुमका के नकटी स्थिति फायरिंग रेंज में चतुर्थ झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कैडेट्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. न्यू दिल्ली में आयोजित थल सैनिक कैंप 2022 के लिए बिहार झारखंड से चयनित 25 एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है.
थल सैनिक कैंप 2022 के लिए हुआ झारखंड गर्ल्स कैडेट्स का चयन
दुमका के नकटी स्थित फायरिंग रेंज में इन दिनों एनसीसी गर्ल्स कैडेट का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है. इस प्रशिक्षण शिविर में दो तरह की गर्ल्स कैडेट्स प्रशिक्षण ले रही हैं. सितंबर में न्यू दिल्ली में आयोजित थल सैनिक कैंप 2022 के लिए बिहार-झारखंड के 25 गर्ल्स कैडेट्स का चयन हुआ है. सभी चयनित कैडेट्स को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ चतुर्थ झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी और संथाल परगना प्रमंडल के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. कैडेट्स भी दिन रात मेहनत कर रही है. किसी का लक्ष्य थल सैनिक कैंप का विजेता बनकर बिहार झारखंड का नाम रोशन करना है, तो कोई एनसीसी के माध्यम से अपना भविष्य संवारना चाहती है.
अधिकारी भी कर रहे मेहनत
एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स के साथ-साथ प्रशिक्षक और अधिकारी भी जमकर मेहनत कर रहे हैं. कैडेट्स को अनुशासन के साथ-साथ मैप रीडिंग, ड्रिल, आपदा प्रबंधन सहित फायरिंग का अभ्यास कराया जा रहा है. चतुर्थ झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग अफसर कर्नल रणधीर सिंह ने बताया कि बिहार झारखंड के जिन 25 कैडेट्स का चयन थल सैनिक कैंप 2022 के लिए हुआ है. उसमें 9 कैडेट्स दुमका के चतुर्थ झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी की कैडेट्स हैं और यह पूरे बटालियन के लिए गर्व का विषय है. जिस प्रकार प्रशिक्षण शिविर में लड़कियां पसीना बहा रही है. अनुशासन सीखने का जुनून है और कुछ कर दिखाने का जज्बा. वह यह दर्शाता है कि आज के समय में लड़कियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
4+