TNP SPECIAL सूर्यदेव सिंह के परिवार से अब चौथे मजदूर संगठन का हो रहा इंतजार ,रामधीर सिंह की बहू आसनी सिंह पर टिकी निगाहे 

    TNP SPECIAL सूर्यदेव सिंह के परिवार से अब चौथे मजदूर संगठन का हो रहा इंतजार ,रामधीर सिंह की बहू आसनी सिंह पर टिकी निगाहे

    धनबाद(DHANBAD) |  सब कुछ इसी रफ्तार से चलता रहा तो बहुत जल्द ही सूर्यदेव सिंह के परिवार से 4 यूनियने चलने लगेंगी.  रामधीर  सिंह की बहू आसनी  सिंह भी नई यूनियन बनाने की कवायद में लगी हुई है.  बाजार में यूनियन के नाम की भी चर्चा चल रही है.  नाम बताया जा रहा है राष्ट्रीय जनता मजदूर संघ.  सूर्यदेव सिंह गठित जनता मजदूर संघ फिलहाल दो गुटों में बटा है.  एक है कुंती सिंह गुट  तो दूसरा है बच्चा सिंह गुट , इसी बीच रविवार को सूर्यदेव सिंह के बेटे पूर्व विधायक संजीव सिंह के समर्थकों ने जनता श्रमिक संघ नामक यूनियन की घोषणा कर दी.  

    तीन के बाद अब चौथे की बारी 

    अब तक तीन संगठन  सूर्यदेव  सिंह परिवार के लोगों द्वारा प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष ढंग चलाए जाने की बात सामने आ गई है.  लेकिन अब चौथी यूनियन की भी कवायद चल रही है.  जनता मजदूर संघ कुंती गुट के कर्ताधर्ता अभी सूर्य देव बाबू के बेटे सिद्धार्थ गौतम है.  कहने को तो संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह भी जनता मजदूर संघ में पदाधिकारी हैं, लेकिन नाराजगी कुछ अधिक है. यही वजह है कि पर्दे के पीछे रहकर नया संगठन संजीव  सिंह और उनकी पत्नी ने समर्थकों को आगे कर खड़ा किया है.  आने वाला वक्त बताएगा कि जनता मजदूर संघ के कौन-कौन से लोग किधर जाते हैं और कितने लोग तटस्थ रह पाते है. 

    संजीव सिंह के समर्थक किये जा रहे किनारा 
     
    सूत्रों के अनुसार सिद्धार्थ गौतम  संजीव सिंह के समर्थकों को धीरे-धीरे किनारा कर रहे है. नाराजगी की यह एक बड़ी  वजह है.  ऐसे में समर्थको को  सुरक्षा प्रदान करने के लिए संजीव सिंह के पास नई  यूनियन बनाने का रास्ता ही सरल दिखा.  रविवार को इसकी घोषणा हो गई.  रामधीर सिंह की बहू बहुत जल्द नई यूनियन की घोषणा कर सकती है.  लोग बताते हैं कि सूर्यदेव सिंह और रामधीर सिंह के परिवार के बीच पहले जैसा मधुर संबंध नहीं है. आसनी  सिंह ने जनता मजदूर संघ में उपेक्षा का आरोप लगाकर उपाध्यक्ष पद से अभी हाल ही में इस्तीफा दे दिया था.  निगम चुनाव को लेकर विवाद सामने आया था.  वैसे रविवार को संजीव सिंह और रागिनी सिंह के समर्थकों ने जिस जनता श्रमिक संघ की घोषणा की है, उसके पदाधिकारियों का चयन भी बहुत चालाकी और होशियारी से किया गया है.  

    रागिनी सिंह संरक्षक तो संजीव सिंह महामंत्री बने है 

    रागिनी सिंह यूनियन की संरक्षक है, जबकि जेल में बंद संजीव सिंह महामंत्री, मतलब साफ है कि यूनियन की बागडोर संजीव सिंह के हाथ में ही रहेगी.  कहने को तो कहा जा रहा है कि क्षेत्र विस्तार करने के लिए यह सब किया जा रहा है लेकिन सच्चाई इसके उलट है.  धनबाद के लोग जानते हैं कि सूर्यदेव सिंह ने राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ से अलग होकर जनता मजदूर संघ का गठन किया था.  इसका गठन झरिया के तिलक भवन में हुआ था और यूनियन के गठन में रामनाथ सिंह अब स्वर्गीय ने बड़ी भूमिका निभाई थी.  राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के नेता एके झा बहुत दिनों तक जनता मजदूर संघ के महामंत्री रहे.  हालांकि जनता मजदूर संघ के गठन के बाद से सूर्यदेव सिंह ने ऊंचाई की जो सीढ़िया चढ़नी  शुरू की, वह उनके निधन  के दिन तक बदस्तूर जारी रही.  यह बात अलग है कि माफिया उन्मूलन के दौरान सूर्य  देव सिंह को कठिन परिस्थितियां भी झेलनी पड़ी थी. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 



    Related News