गुमला रिमांड होम से तीन किशोर फरार, जांच में जुटी पुलिस

    गुमला रिमांड होम से तीन किशोर फरार, जांच में जुटी पुलिस

    गुमला (GUMLA): गुमला जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. जिले के सीलम स्थित बाल सुधार गृह (रिमांड होम) से शुक्रवार को तीन किशोरों के भागने की घटना ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की है. जहां तीन किशोरों ने बेहद शातिराना और फिल्मी अंदाज में इस घटना को अंजाम दिया. दरअसल, तीनों किशोरों ने सोने के लिए मिली चादरों को आपस में बांधकर एक लंबी रस्सी तैयार की और उसे दीवार के ऊपरी हिस्से में लगे लोहे के एंगल में फंसाकर ऊंची चहारदीवारी फांद ली. इस सनसनीखेज घटना ने रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था और वहां तैनात कर्मियों की मुस्तैदी की पोल खोलकर रख दी है.

    बता दें, घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह वार्डों में किशोरों की नियमित गिनती शुरू की गई. गिनती के दौरान तीन किशोर कम पाए जाने पर परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कर्मचारियों द्वारा पूरे परिसर की सघन तलाशी लेने के बाद भी जब उनका सुराग नहीं मिला, तो तुरंत जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया. बताते चले, फरार होने वाले किशोरों में से दो लोहरदगा जिले के हैं और एक गुमला के घाघरा क्षेत्र का निवासी है. इस चूक ने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों पर फिर से विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है.

    सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और अन्य किशोरों से पूछताछ की जा रही है. प्राथमिक जांच में इसे स्पष्ट रूप से सुरक्षा में बड़ी लापरवाही माना जा रहा है, क्योंकि किशोरों द्वारा चादर की रस्सी बनाने और दीवार फांदने के दौरान किसी भी सुरक्षाकर्मी की नजर उन पर नहीं पड़ी. फिलहाल, पुलिस की टीमें फरार किशोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं और रिमांड होम की चहारदीवारी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है.



    Related News