गिरिडीह: नदी के तेज बहाव में डूबे तीन दोस्त, एक ने तैरकर बचाई जान, दो की तलाश जारी

    गिरिडीह: नदी के तेज बहाव में डूबे तीन दोस्त, एक ने तैरकर बचाई जान, दो की तलाश जारी

    गिरिडीह(GIRIDIH):गिरिडीह के उसरी नदी में रविवार की देर रात 3 युवक पानी के तेज बहाव में डूब गये. ये पूरी घटना शहर के बरगंडा के नया पुल के नीचे की है. दूसरे दिन सोमवार की सुबह ग्रामीणों की भीड़ नया पुल के पास जुटी. वहीं जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. और युवकों की तलाश करने में जुट गई. 

    नदी के तेज बहाव में डूबे तीन युवक

    वहीं मिली जानकारी के मुताबिक एक युवक ने तैरकर अपनी जान बचा ली. वहीं दो युवकों की तलाश खंडोली से खास तैराक की टीम कर रही है. लापता दोनो युवक मनीष और आनंद को तलाशा जा रहा है. फिलहाल दोनों युवकों का कोई पता अब तक नहीं चल पाया है. परिजनों ने बताया कि आनंद, शंकर और मनीष तीनो दोस्त हजारीबाग के रहने वाले हैं. तीनो बेंगाबाद से रविवार की देर शाम हजारीबाग जाने के लिए बाइक से निकले थे.

    एक ने बचाई अपनी जान, दो की तलाश जारी

    जब तीनों शहर के बरगंडा के नया निर्माणाधीन पुल के पास पहुंचे, तो जाने का रास्ता बंद था. जिसकी वजह से शंकर बाइक से नीचे उतरा, और तेज बहाव का धारा नापने के दौरान बहने लगा. उसको बहता देख  उसके दोनो साथी आनंद और मनीष भी तेज बहाव में खोजने उतर गये. लेकिन ये दोनो भी डूबने लगे. जिसमें शंकर तो बच गया. लेकिन आनंद और मनीष तेज बहाव में बह गये. 

    रिपोर्ट-दिनेश कुमार



    Related News