सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों की अब खैर नहीं, जांच के बाद होगी कार्रवाई 

    सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों की अब खैर नहीं, जांच के बाद होगी कार्रवाई

    धनबाद(DHANBAD): 30 अक्टूबर को धनबाद में डीएमएफटी गवर्निंग काउंसिल की बैठक होगी.  शुक्रवार को उपायुक्त ने धनबाद के सांसद और विधायकों के साथ डीएमएफटी फंड की समीक्षात्मक बैठक की.  सांसद और विधायकों को डीएमएफटी फंड के लिए भेजी गई  अनुशंसाओं की स्वीकृति एवं अस्वीकृत की विस्तृत जानकारी दी गई.  उपायुक्त  ने कहा कि डीएमएफटी फंड से उन्हीं योजनाओं को स्वीकृति दी जा सकती है, जो सरकार के गाइडलाइन के अंतर्गत आती होंगी.  इसके अलावा  जो अनुशंसाएं भेजी जाती है , उन्हें किसी दूसरे फंड से पूरा करने की कोशिश की जाएगी.

    निर्माण कार्य में अनियमितता की भी दी गई जानकारी 

     बैठक में  जनप्रतिनिधियों ने कई क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं से हो रहे निर्माण कार्य में अनियमितता  की भी जानकारी दी.  साथ ही  जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग भी की.  किस विधानसभा में कितनी योजनाएं ली गई है  और कितनी राशि खर्च हुई, उसकी सूची उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया.  उपायुक्त  ने कहा कि जो भी कार्य हो रहे हैं, वह सरकार के गाइडलाइन के अनुरूप होना सुनिश्चित किया जाएगा.  अगर कहीं गड़बड़ी होगी तो  जांच कर कार्रवाई भी की जाएगी.  सांसद  पशुपतिनाथ सिंह,  विधायक टुंडी  मथुरा प्रसाद महतो,  विधायक निरसा श्रीमती अपर्णा सेन गुप्ता,  विधायक बाघमारा  ढुल्लू महतो, उप विकास आयुक्त  शशि प्रकाश सिंह एवं विधायक प्रतिनिधि मौजूद रहे. 

    अपर समाहर्ता ने सुनी लोगो की शिकायतें 

    इधर ,अपर समाहर्ता  विनोद कुमार ने शुक्रवार को  जिले के विभिन्न क्षेत्र से आए लोगों की शिकायतों को सुना. लोगों के आवेदनों को प्राप्त कर उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को शिकायत का निष्पादन करने के लिए निर्देशित किया. जनता दरबार में पारिवारिक मामले, स्वास्थ्य संबंधित मामले, रोजगार एवं शिक्षा से संबंधित मामले, जमीन से जुड़े मामले, प्रमाण पत्र निर्गत करने, बीपीएल कोटा में बच्चों के एडमिशन, काम कराकर वेतन नही देने के मामले,रास्ता रोकने के मामले सहित अन्य शिकायतें प्राप्त हुई. जिनके निस्तारण के लिए कार्रवाई की गई. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 



    Related News