डबल मर्डर से दहला ये इलाका, कोयला कारोबारी की हत्या के बाद स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंदा

    डबल मर्डर से दहला ये इलाका, कोयला कारोबारी की हत्या के बाद स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंदा
    जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में देर रात डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई. नपोखुर्द गांव में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े रोहित साव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि अपराधी सफेद स्कॉर्पियो वाहन से गांव पहुंचे थे और मौके पर रोहित साव को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई.

    हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में देर रात डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई. नपोखुर्द गांव में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े रोहित साव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि अपराधी सफेद स्कॉर्पियो वाहन से गांव पहुंचे थे और मौके पर रोहित साव को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई.

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी स्कॉर्पियो से तेजी से भागने लगे. इस दौरान वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. भागते समय स्कॉर्पियो कई लोगों को कुचलते हुए निकल गई. इस हादसे में गांव के ही निवासी प्रदीप साव गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.

    इस घटना में प्रदीप साव के अलावा कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी और दो बच्चे भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. एक ही घटना में दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने से गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है.

    घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की स्कॉर्पियो को पकड़कर उसमें आग लगा दी. देखते ही देखते वाहन जलकर खाक हो गया. गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

    सूचना मिलने के बाद बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला अवैध कोयला कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि नपोखुर्द गांव के बरवानिया इलाके में नए कोल हार्ड कूप फैक्ट्री के निर्माण को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था. पिछले दो महीनों से इस इलाके में अवैध कोयला कारोबार भी तेजी से बढ़ा है, जिसे लेकर कई गुटों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी.

    फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news