गिरिडीह में शादी के घर में चोरों ने की सेंधमारी, लाखों की नकदी और जेवरात पर हाथ किया साफ

    गिरिडीह में शादी के घर में चोरों ने की सेंधमारी, लाखों की नकदी और जेवरात पर हाथ किया साफ |Thieves broke into a wedding house in Giridih, making away with cash and jewellery worth lakhs

    गिरिडीह (GIRIDIH): शादी की तैयारियों में व्यस्त एक परिवार के घर अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मटरूखा के टोला मोहलीटांड़ में हुई.

    जानकारी के अनुसार, मोहन राय के घर मई में उनकी बेटी की शादी होने वाली थी और घर में नकदी, आभूषण और कीमती बर्तन अलमारियों और बक्सों में सुरक्षित रखे गए थे. चोरी की रात चोरों ने घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और परिवार के सोने वाले कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई उठकर रोक न सके.

    इसके बाद चोरों ने नकदी और जेवरात रखे कमरे का ताला तोड़कर लगभग दो लाख रुपये नकद, करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

    परिवार को चोरी की सुबह तब पता चला जब कमरे का ताला टूटा और सामान बिखरा हुआ मिला. परिजनों ने बताया कि बेटी की शादी की तैयारियों के बीच हुई यह घटना उनके लिए मानसिक और आर्थिक रूप से बड़ा झटका है. उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

    पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और छानबीन में जुट गई है. घटना ने पूरे इलाके में डर और चिंता पैदा कर दी है.



    Related News