पतरातू डैम का बढ़ा जलस्तर, प्रबंधन ने खोले दो फाटक, लोगों से डैम के पास नहीं जाने की अपील


रामगढ़ (RAMGARH): राज्य में लगातार हो रही बारिश से पतरातू डैम का जलस्तर काफी बढ़ गया है. इसे देखते हुए डैम प्रबंधन और जिला प्रशासन ने डैम के दो गेट खोलने का निर्णय लिया. इसके तहत मंगलवार की देर रात डैम गेट के दो फाटक 4 और 6 नंबर खोला गया. साथ ही क्षेत्र में अर्लट जारी किया गया है.
पार कर चुका था जलस्तर का समान्य लेवल
डैम में रोज़ाना कई पर्यटक घूमने आते हैं. यहां आकर वह बोटिंग जैसे एडवेंचर भी करते हैं. ऐसे में कोई अनहोनी न हो इसको लेकर प्रशासन ने सतर्कता दिखाई. और दम फाटक खोलने का फैसला लिया. डैम प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार पतरातू डैम का जलस्तर बढ़ कर 1328 रेडियस लेवल को पार कर चुका था. ऐसे में गंभीर परिस्थिति से बचने के लिए डैम का फाटक खोलना ज़रूरी था. बता दें कि भारी जलस्तर के कारण डैम के दोनों ही फाटक से 25000 क्यूसेक मीटर प्रति घंटा पानी छोड़ा जा रहा है.
उपायुक्त की अपील
जिला के पतरातू में स्थित पीटीपीएस के परिसंपदा पदाधिकारी सुरेश प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि पतरातू प्रखंड के पतरातू डैम में जलस्तर बढ़ने के कारण 23 अगस्त की रात को डैम के दो गेट खोले दिया गया. इसके लिए माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है. वहीं उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि वे दामोदर नदी सहित अन्य जल स्रोतों के आसपास ना जाएं और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें.
रिपोर्ट: जयंत कुमार, रामगढ़
4+