मुख्य सचिव की भेजी टीम ने स्वास्थ्य सुविधाओं का किया आंकलन, दो दिन तक टीम करेगी मेडिकल कालेज अस्पताल का निरीक्षण

    मुख्य सचिव की भेजी टीम ने स्वास्थ्य सुविधाओं का किया आंकलन, दो दिन तक टीम करेगी मेडिकल कालेज अस्पताल का निरीक्षण

    दुमका (DUMKA) : झारखंड का संथाल परगना प्रमंडल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में पिछड़ा माना जाता था. इसे देखते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से प्रमंडल में कई कार्य किए गए. देवघर में एम्स की स्थापना हुई तो दुमका में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज खोला गया. इसके बाबजूद प्रमंडलीय मुख्यालय दुमका बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समय समय पर समाचार पत्रों की सुर्खियां बनता है. लेकिन लगता है आने वाले समय मे दुमका की स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी. इसके लिए सरकार के स्तर से प्रयास भी शुरू किया गया है. मुख्य सचिव द्वारा गठित चार सदस्यीय एक एनजीओ की टीम दुमका पहुच कर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा ले रही है.  

    सुविधाओं का जायजा

    दो दिवसीय दौरे पर टीम बुधवार को दुमका पहुची. आने वाले समय में फूलो झानो मेडिकल कालेज अस्पताल में और भी कई सेवाओं की शुरूआत होगी. वर्तमान में किस तरह की सुविधा है और भविष्य में और क्या बेहतर सेवा दी जा सकती है, इसका आंकलन टीम द्वारा किया जा रहा है. जीएम सुनील कुमार के नेतृत्व में आई टीम के सदस्यों ने पहले दिन हर वार्ड में जाकर सुविधाओं का जायजा लिया है. आपरेशन थिएटर पहुचकर चीजों की पड़ताल की.  चिकित्सकों से कर्मी की संख्या के बारे में जानकारी ली.

    अस्पताल में 24 घंटे सेवा

    चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि अस्पताल में अभी कर्मियों की भारी कमी है. जिस कारण काम बाधित होता है। जीएम ने स्वीकार किया कि अस्पताल में कर्मियों की काफी कमी है. सारी रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेज दी जाएगी. बहुत सी चीजों का सर्वे भी किया गया है. बताया कि आंकलन का मुख्य उददेश्य है कि अगर भविष्य में इस अस्पताल में 24 घंटे सेवा दी जाए तो किन चीजों की आवश्यकता होगी. इसी को लेकर हर चीजों का अध्ययन किया गया है। गुरुवार को भी टीम सुविधाओ का जायजा लेगी.

    आवश्यक चीजों का निरीक्षण

    अस्पताल के अधीक्षक डा. अनुकरण पूर्ति ने बताया कि चार सदस्यीय टीम दो दिन के निरीक्षण पर आई है. हर चीजों का अध्ययन किया जा रहा है. यह जानने की कोशिश की जा रही है कि भविष्य में और किन चीजों की आवश्यकता पड़ सकती है. टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर मुख्य सचिव को देगी. सचिव के आदेश पर एक एनजीओ की टीम ने निरीक्षण शुरू किया है.

    रिपोर्ट: पंचम झा 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news